Ola ने 3rd जनरेशन प्लेटफॉर्म पर आधारित 8 नए स्कूटरों को लॉन्च किया, फीचर्स और कीमतें देखें
ओला इलेक्ट्रिक ने शुक्रवार को अपने ‘जनरेशन 3’ प्लेटफॉर्म पर आधारित एस1 ब्रांड के तहत आठ नए स्कूटर मॉडल लॉन्च किए हैं, जिनकी कीमत 79,999 रुपये से लेकर 1,69,999 रुपये तक है। कंपनी ने यह भी घोषणा की कि वह अपने ‘जनरेशन 2’ प्लेटफॉर्म पर बने स्कूटरों की बिक्री जारी रखेगी, और इन पर 35,000 रुपये तक की छूट भी देगी। इस छूट के बाद एस1 प्रो मॉडल की कीमत 1,14,999 रुपये हो जाएगी। वहीं, एस1 एक्स के दो किलोवाट घंटा, तीन किलोवाट घंटा और चार किलोवाट घंटा बैटरी क्षमता वाले मॉडल की कीमतें क्रमशः 69,999 रुपये, 79,999 रुपये और 89,999 रुपये से शुरू होंगी।
ओला इलेक्ट्रिक के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक, भविष अग्रवाल ने कहा, “हमने जनरेशन-2 प्लेटफॉर्म के साथ हर कीमत श्रेणी में स्कूटर उपलब्ध कराए थे, और अब जनरेशन-3 प्लेटफॉर्म के साथ हम इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर उद्योग को नई दिशा देने जा रहे हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि ‘जनरेशन 3’ प्लेटफॉर्म पहले से बेहतर प्रदर्शन, अधिक दक्षता और नए मानकों को पेश कर रहा है, जो पूरी इंडस्ट्री को फिर से बदलने वाला है। जनरेशन-3 प्लेटफॉर्म पर आधारित एस1 प्रो प्लस सीरीज में 5.3 किलोवाट घंटा और चार किलोवाट घंटा बैटरी वाले दो मॉडल हैं, जिनकी कीमत क्रमशः 1,69,999 रुपये और 1,54,999 रुपये है।
इसके अलावा, एस1 प्रो सीरीज के चार किलोवाट घंटा और तीन किलोवाट घंटा मॉडल की कीमत क्रमशः 1,34,999 रुपये और 1,14,999 रुपये है। एस1 एक्स सीरीज की कीमतें दो किलोवाट घंटा बैटरी वाले मॉडल के लिए 79,999 रुपये, तीन किलोवाट घंटा के लिए 89,999 रुपये और चार किलोवाट घंटा वाले मॉडल के लिए 99,999 रुपये रखी गई हैं। इसके साथ ही, कंपनी ने चार किलोवाट घंटा क्षमता वाले एस1 एक्स प्लस मॉडल की कीमत 1,07,999 रुपये निर्धारित की है। ओला का कहना है कि जनरेशन-3 प्लेटफॉर्म में पहले से बेहतर प्रदर्शन, सुरक्षा और विश्वसनीयता दी गई है, और इसके मुकाबले जनरेशन-3 स्कूटर में अधिकतम ताकत में 20% की बढ़ोतरी, लागत में 11% की कमी और रेंज में 20% का इजाफा हुआ है।