भारतीय क्रिकेट के दिग्गज अजिंक्य रहाणे ने लिया संन्यास, 15 साल के करियर का हुआ अंत
भारतीय क्रिकेट के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। रहाणे ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा करते हुए अपने फैसले की जानकारी दी। वीडियो में उन्होंने बीसीसीआई, अपने साथी खिलाड़ियों, परिवार, पत्नी और करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों का वर्षों तक मिले समर्थन और प्यार के लिए धन्यवाद कहा। उन्होंने अपने संदेश में लिखा, “कैप 278 अब विदा ले रहा है। इतने सालों तक मिले प्यार और सहयोग के लिए धन्यवाद। हमेशा आभारी रहूंगा।”
अजिंक्य रहाणे ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत 31 अगस्त 2011 को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से की थी। पिछले कुछ वर्षों से वह भारतीय टीम से बाहर चल रहे थे। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच के रूप में खेला था। वहीं उनका आखिरी वनडे मुकाबला 2018 और आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच 2016 में रहा था।
अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 144 पारियों में 5,077 रन बनाए, जिसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल रहे। इस प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 188 रन रहा। अपनी तकनीक, धैर्य और मुश्किल परिस्थितियों में शानदार बल्लेबाजी के कारण रहाणे लंबे समय तक भारतीय टेस्ट टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज रहे।
रहाणे ने बल्लेबाजी के साथ-साथ नेतृत्व में भी अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने भारत की 6 टेस्ट मैचों में कप्तानी की, जिनमें टीम ने 4 मुकाबले जीते, जबकि 2 मैच ड्रॉ रहे। इसके अलावा उन्होंने 3 वनडे में कप्तानी करते हुए तीनों मुकाबलों में भारत को जीत दिलाई। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी उन्होंने 2 मैचों में टीम की कमान संभाली, जिसमें भारत को एक जीत और एक हार मिली।
वनडे क्रिकेट में रहाणे ने 87 पारियों में 2,962 रन बनाए, जिसमें 3 शतक और 24 अर्धशतक शामिल रहे। वहीं टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 20 मैचों में 375 रन बनाए। अपने शांत स्वभाव, अनुशासित खेल और टीम के प्रति समर्पण के लिए पहचाने जाने वाले अजिंक्य रहाणे का संन्यास भारतीय क्रिकेट के एक महत्वपूर्ण अध्याय का अंत माना जा रहा है। उनके योगदान को भारतीय क्रिकेट हमेशा याद रखेगा।