शत्रुघ्न सिन्हा करेंगे AAP के नेताओं के लिए प्रचार, पूर्वांचली वोटरों को साधने का बनाई योजना
नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखें पास आ रही हैं, और ऐसे में आम आदमी पार्टी (AAP) हर वोट बैंक को अपने पक्ष में करने के लिए जोर-शोर से तैयारी कर रही है। इस क्रम में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा दिल्ली में 5 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी का समर्थन करते हुए प्रचार करेंगे। टीएमसी के सूत्रों ने मंगलवार को इस बात की पुष्टि की।
सूत्रों के मुताबिक, आसनसोल से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा 1 और 2 फरवरी को दिल्ली के कम से कम तीन विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार करेंगे। इन क्षेत्रों में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की नई दिल्ली विधानसभा सीट, मुख्यमंत्री आतिशी की कालकाजी सीट और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की जंगपुरा सीट शामिल हैं। टीएमसी का मानना है कि शत्रुघ्न सिन्हा, जो अभिनेता और सांसद भी हैं, दिल्ली के पूर्वांचली मतदाताओं को आम आदमी पार्टी की ओर आकर्षित कर सकते हैं। पूर्वांचलियों से तात्पर्य उन लोगों से है जो बिहार और उत्तर प्रदेश से दिल्ली आए हैं, और इनकी संख्या दिल्ली में काफी अधिक है।
इसके अलावा, टीएमसी के कुछ और नेता भी दिल्ली में चुनाव प्रचार में शामिल हो सकते हैं। उल्लेखनीय है कि टीएमसी ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी को अपना समर्थन देने की घोषणा की है।
वहीं, आम आदमी पार्टी ने भी चुनावी अभियान में हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए अपना घोषणा पत्र जारी किया है। अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को पार्टी का मैनिफेस्टो प्रस्तुत करते हुए 15 प्रमुख वादों की घोषणा की। इनमें फ्री बिजली, फ्री पानी, बुजुर्गों के लिए मुफ्त तीर्थ यात्रा, महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा जैसी योजनाओं को जारी रखने का वादा किया गया है। इसके अलावा, मोहल्ला क्लिनिक की संख्या बढ़ाने और अन्य कई योजनाओं को भी लागू करने की बात की गई है।