सुझलोन को 162 विंड टर्बाइन जनरेटर का अहम ऑर्डर, जाने डील के बारे में पूरी जानकारी
रीन्यूएबल एनर्जी क्षेत्र में कार्यरत सुजलॉन कंपनी को टॉरेंट पावर से 486 मेगावाट क्षमता वाले 162 विंड टर्बाइन जनरेटर की आपूर्ति का आदेश प्राप्त हुआ है। हालांकि, कंपनी ने इस ऑर्डर के मूल्य के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। इस ऑर्डर के तहत, सुजलॉन गुजरात के भोगत में 3 मेगावाट क्षमता वाले हाइब्रिड लैटिस (HLT) टावरों के साथ 162 S144 विंड टर्बाइन जनरेटर (WTG) की आपूर्ति करेगा। कंपनी ने शुक्रवार को एक एक्सचेंज फाइलिंग में इस बारे में जानकारी दी।
कंपनी के मुताबिक, 486 मेगावाट की इस नई हाइब्रिड परियोजना के साथ सुजलॉन और टॉरेंट पावर ने मिलकर भारत में 1 गीगावाट विंड पावर जनरेशन क्षमता का लक्ष्य हासिल कर लिया है। यह सुजलॉन को टॉरेंट पावर से मिला पांचवां ऑर्डर है। सुजलॉन ग्रुप के वाइस चेयरमैन गिरीश तांती ने कहा कि दोनों कंपनियों की 10 साल की साझेदारी ने 1 गीगावाट की संयुक्त क्षमता हासिल करने के रूप में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर पार किया है। उन्होंने बताया कि यह साझेदारी दोनों कंपनियों के विश्वास, नवाचार और साझा दृष्टिकोण पर आधारित है, जिसमें उन्नत प्रौद्योगिकी का उपयोग करके उच्च गुणवत्ता वाली बिजली उत्पादन की दिशा में काम किया जा रहा है।
हालांकि, शुक्रवार को एक बार फिर कंपनी के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। आज सुजलॉन के शेयर 1.76 रुपये (3.24%) की गिरावट के साथ 52.56 रुपये पर बंद हुए। गुरुवार को कंपनी के शेयर 54.32 रुपये पर बंद हुए थे और आज वे 54.99 रुपये के इंट्राडे हाई से खुले थे। हालांकि, बाद में शेयर गिरकर 52.13 रुपये के इंट्राडे लो तक पहुंचे। कंपनी का 52 वीक हाई 86.04 रुपये और 52 वीक लो 35.49 रुपये रहा है। वर्तमान में कंपनी का मार्केट कैप 71,731.68 करोड़ रुपये है।