AKTU में ट्रेंडिंग कोर्स बना छात्रों की पहली पसंद, नई तकनीकों से खुल रहे हैं रोजगार के दरवाजे
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय अपने छात्रों को न केवल मुख्य विषयों में पारंगत बना रहा है, बल्कि उन्हें नई और उभरती तकनीकों में भी विशेषज्ञ बनने का अवसर प्रदान कर रहा है। यह पहल छात्रों को इंडस्ट्री की वर्तमान मांगों के अनुरूप तैयार करने के उद्देश्य से की गई है। इसके लिए विश्वविद्यालय ने कई प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ समझौता (एमओयू) किया है। ये कंपनियां छात्रों को 60 घंटे की ऑनलाइन ट्रेनिंग प्रदान कर रही हैं, जिससे वे अपने नियमित पाठ्यक्रम के साथ-साथ आधुनिक तकनीकी ज्ञान भी अर्जित कर सकें। यह ट्रेनिंग बीटेक के साथ अन्य विषयों के छात्रों के लिए भी उपलब्ध है।
प्रदेश भर में इस विश्वविद्यालय से 750 से अधिक संस्थान संबद्ध हैं, जिनमें इंजीनियरिंग, फॉर्मेसी और अन्य पाठ्यक्रम संचालित होते हैं। हर साल इन संस्थानों में बड़ी संख्या में छात्र दाखिला लेते हैं। छात्रों को इंडस्ट्री-रेडी बनाने के लिए विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन ट्रेनिंग प्रोग्राम की सुविधा शुरू की है। इस पहल के तहत शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र में अग्रणी कई प्रतिष्ठित कंपनियां प्रशिक्षण प्रदान कर रही हैं।
प्रशिक्षण प्रदान करने वाली प्रमुख कंपनियां
छात्रों को ट्रेनिंग देने वाली प्रमुख कंपनियों में सॉफ्टप्रो इंडिया, आईबीएम, स्मार्टब्रिज एजुकेशनल सर्विस, काग्नवी, इंफोसिस, वाधवानी फाउंडेशन और इरा फाउंडेशन शामिल हैं। इन कंपनियों के विशेषज्ञ ऑनलाइन माध्यम से छात्रों को प्रशिक्षण देते हैं। ट्रेनिंग पूरी करने पर छात्रों को अतिरिक्त क्रेडिट भी प्रदान किया जाता है।
प्रशिक्षण में शामिल विषय
छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जावा जैसी कम्प्यूटर लैंग्वेज, बिजनेस एनालिटिक्स, वेब तकनीकी, क्लाउड कम्प्यूटिंग और साइबर सिक्योरिटी जैसे उभरते हुए क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन कोर्स को करने से छात्रों को न केवल तकनीकी ज्ञान मिलता है, बल्कि उनके कैंपस प्लेसमेंट के अवसर भी बढ़ते हैं।