CJP प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अभिजीत दिपके और नेहा बोरा हिरासत में
दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को हिरासत में ले लिया। इसके अलावा ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा को भी पुलिस ने डिटेन किया है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दिपके को कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क जाते समय एहतियातन हिरासत में लिया, जबकि नेहा बोरा को मंडी हाउस से हिरासत में लिया गया। यह कार्रवाई CJP के सदस्यों सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के बाद प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए की गई है।
दरअसल, सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के विरोध में अभिजीत दिपके ने शुक्रवार को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की ओर से तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान गाने की योजना की बात सामने आई थी। हालांकि, प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिपके को हिरासत में ले लिया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पुलिस ने उन्हें प्रिवेंटिव कस्टडी में लिया है।
पुलिस ने अभिजीत दिपके को उनके घर जाकर दो नोटिस भी दिए थे। इनमें से एक नोटिस नई दिल्ली पुलिस की ओर से दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत जारी किया गया था। इसमें उन्हें सेंट्रल पार्क नहीं आने को कहा गया, क्योंकि वहां भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू होने की जानकारी दी गई थी। यह धारा ऐसे हालात में लागू की जाती है, जहां शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोगों की गतिविधियों या जमावड़े पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
दूसरा नोटिस दक्षिण-पश्चिम दिल्ली पुलिस की ओर से दिया गया था। इसमें कथित तौर पर अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को पहले एहतियातन हिरासत में लेकर अदालत में पेश किए जाने और एक साल तक शांति भंग नहीं करने से जुड़ी शर्तों का उल्लेख किया गया था। पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना बताया जा रहा है।
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस और सेंट्रल पार्क सहित मध्य दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। रिपोर्ट के मुताबिक, इलाके में दिल्ली पुलिस के 6,000 से अधिक जवानों की तैनाती की गई है, जबकि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 220 कंपनियों को भी तैयार रखा गया है। सेंट्रल पार्क और राजीव चौक के आसपास 10 से अधिक नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
इसके अलावा कनॉट प्लेस, राजीव चौक, जंतर-मंतर, पालिका बाजार और संसद मार्ग समेत कई अहम स्थानों पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया। सेंट्रल पार्क के भीतर सात स्तरों की सुरक्षा व्यवस्था बनाए जाने की बात कही गई है। पुलिस ने ITO, पटेल चौक और संसद मार्ग समेत कई जगहों पर बैरिकेडिंग भी की। जरूरत पड़ने पर तैनाती के लिए करीब 5,000 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को रिजर्व में रखने की जानकारी दी गई है।
प्रदर्शन को लेकर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने सेंट्रल पार्क को शुक्रवार और शनिवार के लिए बंद कर दिया। वहीं, पुलिस की ओर से यह भी कहा गया कि यदि प्रदर्शनकारी चाहें तो किसी दूसरी जगह पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान गाने की अनुमति देने के प्रस्ताव पर विचार किया जा सकता है। फिलहाल, पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में सतर्कता बढ़ा दी गई है।