LIC हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी में निवेश कर सकता है, इसके साथ समझौता होने की संभावना है
देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी LIC (लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया) अब स्वास्थ्य बीमा क्षेत्र में कदम रखने की तैयारी कर रही है। कंपनी एक हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी में हिस्सेदारी खरीदने की प्रक्रिया में है। LIC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सिद्धार्थ मोहंती ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में चल रही बातचीत अंतिम चरण में है और उम्मीद है कि 31 मार्च तक इस डील को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। हालांकि, मोहंती ने उस हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी का नाम नहीं बताया, जिसमें LIC हिस्सेदारी खरीदने जा रही है।
LIC का हेल्थ इंश्योरेंस में प्रवेश स्वाभाविक कदम
LIC, जो देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी है, पिछले कुछ समय से हेल्थ इंश्योरेंस सेक्टर में प्रवेश करने की संभावनाएं तलाश रही थी। कंपनी के मुखिया सिद्धार्थ मोहंती ने मीडिया से बातचीत में कहा, “हेल्थ इंश्योरेंस बिजनेस में आना LIC के लिए एक स्वाभाविक विकल्प है। इस पर चर्चा अंतिम चरण में है और जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी।”
LIC 4000 करोड़ रुपये में खरीद सकता है हिस्सेदारी
सिद्धार्थ मोहंती ने यह भी स्पष्ट किया कि LIC हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी में 51% या उससे अधिक की नियंत्रणकारी हिस्सेदारी नहीं खरीदेगी। हिस्सेदारी की सटीक मात्रा LIC के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के फैसले और कंपनी के मूल्यांकन जैसे कारकों पर निर्भर करेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, LIC मणिपाल सिग्ना हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी में 4000 करोड़ रुपये की डील के तहत हिस्सेदारी खरीदने पर विचार कर रहा है।
LIC के शेयरों में तेजी
इस खबर के बीच मंगलवार को LIC के शेयरों में तेजी देखी गई। बीएसई पर कंपनी के शेयर 12.65 रुपये (1.70%) की बढ़त के साथ 757.65 रुपये पर बंद हुए। हालांकि, LIC के शेयर अभी भी अपने 52-सप्ताह के उच्च स्तर से काफी नीचे हैं। कंपनी के शेयरों का 52-सप्ताह का उच्च स्तर 1221.50 रुपये और निचला स्तर 715.35 रुपये है। बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक, LIC का वर्तमान बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) 4,79,213.45 करोड़ रुपये है।