गोंडा की 7 साल की अनामिका का कमाल, तिरंगा लेकर 30 KM दौड़ी
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की सात वर्षीय अनामिका मिश्रा ने अपनी असाधारण प्रतिभा और हौसले से लोगों का ध्यान खींचा है। प्राथमिक विद्यालय भीखमपुरवा की कक्षा दो में पढ़ने वाली अनामिका ने हाथ में तिरंगा लेकर करीब 30 किलोमीटर की दौड़ पूरी की। उसने शुक्रवार सुबह छह बजे दौड़ शुरू की और करीब 3 घंटे 40 मिनट में गांधी पार्क पहुंचकर अपना लक्ष्य पूरा किया।
अनामिका की इस दौड़ के दौरान रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर उसका उत्साह बढ़ाया। स्कूल के शिक्षक, ग्रामीण और स्थानीय लोग भी बच्ची का हौसला बढ़ाते नजर आए। दौड़ को सुरक्षित तरीके से पूरा कराने के लिए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके साथ रही। यातायात व्यवस्था के साथ एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई थी।
गोंडा के बाबू ईश्वर शरण चिकित्सालय के मुख्य द्वार पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल पटेल ने पुष्प वर्षा कर अनामिका का स्वागत किया। दौड़ पूरी करने के बाद गांधी पार्क पहुंची अनामिका का भी लोगों और अधिकारियों ने उत्साह के साथ स्वागत किया। डीआईजी अशोक कुमार शुक्ल ने बच्ची की प्रतिभा की सराहना करते हुए इसे गोंडा के लिए गर्व की बात बताया और उसके माता-पिता के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
अनामिका इससे पहले भी अपनी खेल प्रतिभा दिखा चुकी है। उसके पिता और विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार मिश्र के मुताबिक, पिछले वर्ष अनामिका ने आठ मिनट में 240 पुशअप पूरे किए थे, जिसके बाद उसका नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ। इससे पहले गांधी जयंती के मौके पर वह हाथ में तिरंगा लेकर 10 किलोमीटर की दौड़ भी पूरी कर चुकी है।
अनामिका की बड़ी बहन अंशिका मिश्रा को ‘गूगल गर्ल’ के नाम से जाना जाता है। परिवार के खेल और उपलब्धियों से जुड़े माहौल ने भी अनामिका को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। इतनी कम उम्र में लगातार अपनी प्रतिभा दिखा रही अनामिका की उपलब्धि ने गोंडा में लोगों के बीच खास उत्साह पैदा किया है।