नीरज का शानदार प्रदर्शन, क्वालिफिकेशन राउंड में 79.61 मीटर का थ्रो
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। नीरज ने क्वालिफिकेशन राउंड में अपने दूसरे प्रयास में 79.61 मीटर का थ्रो कर आसानी से फाइनल का टिकट हासिल किया।
नीरज ने पहले प्रयास में 76.28 मीटर का थ्रो किया, जिसके बाद वह सातवें स्थान पर थे। हालांकि दूसरे प्रयास में 79.61 मीटर का थ्रो करते हुए उन्होंने अपनी स्थिति मजबूत कर ली और फाइनल के लिए क्वालिफाई कर गए। क्वालिफिकेशन सुनिश्चित होने के बाद उन्होंने अपना तीसरा प्रयास नहीं किया।
भारत के लिए यह मुकाबला और भी खास रहा क्योंकि नीरज के अलावा रोहित यादव और यश वीर सिंह ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई। रोहित यादव ने 78.37 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया, जबकि यश वीर सिंह भी अंतिम दौर के लिए क्वालिफाई करने में सफल रहे। इससे जैवलिन थ्रो के फाइनल में भारत की पदक जीतने की उम्मीदें और मजबूत हो गई है।
अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां ओलंपिक और विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा एक बार फिर स्वर्ण पदक जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगे। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बावजूद भारतीय प्रशंसकों को उनसे एक और यादगार प्रदर्शन की उम्मीद है।