जम्मू-कश्मीर को आज बुधवार के दिन नई सरकार मिल गई है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की उपस्थिति में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ सुरेंद्र चौधरी ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके अलावा, सकीना इट्टू और जावेद राणा ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की है।
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, सुप्रिया सुले, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और इंडिया अलायंस के अन्य कई नेता भी मौजूद थे।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में लगभग 10 साल के लंबे अंतराल के बाद विधानसभा चुनाव हुए हैं। कांग्रेस पार्टी ने इस चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस की सरकार को बाहर से समर्थन देने का निर्णय लिया है, लेकिन खुद सरकार में शामिल नहीं होगी।
जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि फिलहाल कांग्रेस जम्मू-कश्मीर सरकार में किसी मंत्रालय का हिस्सा नहीं बनेगी। उन्होंने केंद्र से जम्मू-कश्मीर को फिर से राज्य का दर्जा देने की मांग पर जोर दिया है। प्रधानमंत्री ने भी इस मुद्दे पर कई बार सार्वजनिक रूप से चर्चा की है, लेकिन अब तक राज्य का दर्जा बहाल नहीं किया गया है। इसी कारण, कांग्रेस सरकार में शामिल नहीं हो रही है।
जम्मू-कश्मीर में हुए विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन ने जीत हासिल की है। 90 सीटों पर हुए चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 42 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस को 6 सीटें मिली हैं।

