Jilla-News

स्वच्छता में लखनऊ का जलवा, लगातार तीसरी बार देश में तीसरा स्थान

लखनऊ ने स्वच्छता के मामले में एक बार फिर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की रैंकिंग में लखनऊ देश का तीसरा सबसे स्वच्छ शहर बना है। बुधवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लखनऊ नगर निगम को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया। पुरस्कार नगर विकास मंत्री एके शर्मा, महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव पी. गुरुप्रसाद और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने ग्रहण किया।

लखनऊ ने लगातार तीसरे साल तीसरा स्थान हासिल किया है। इससे पहले भी 2024 और 2025 में शहर इसी पायदान पर रहा था। पिछले साल लखनऊ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 44वें स्थान से सीधे तीसरे स्थान पर छलांग लगाई थी। इस बार भी नगर निगम अपनी रैंकिंग बरकरार रखने में सफल रहा। इस सूची में विशाखापत्तनम पहले और जबलपुर दूसरे स्थान पर रहे।

केंद्र सरकार की ओर से हर साल कराए जाने वाले स्वच्छ सर्वेक्षण में शहरों की सफाई व्यवस्था और स्वच्छता से जुड़े कार्यों का मूल्यांकन किया जाता है। इस बार सर्वेक्षण के 10वें संस्करण में देश के 4,751 से अधिक शहरों को शामिल किया गया। शहरों को 10 प्रमुख क्षेत्रों और 43 मानकों पर परखा गया।

सर्वेक्षण में नागरिकों के फीडबैक और जमीनी स्थिति को भी खास महत्व दिया गया। इसके तहत घर-घर कूड़ा कलेक्शन, गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग निस्तारण, सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति, फील्ड सर्वे और शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था की जांच की गई। नगर निगम के अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद राव के मुताबिक, इस बार भी लखनऊ ने देश के सबसे स्वच्छ शहरों में तीसरा स्थान हासिल किया है।

Related Articles

Back to top button