Jilla-News

गंडक नदी के किनारे वाल्मीकिनगर से सोनपुर तक बनेगी सड़क, बिहार में बाढ़ से राहत का CM सम्राट चौधरी का बड़ा प्लान

बिहार में बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वाल्मीकिनगर से सोनपुर तक गंडक नदी के किनारे सड़क का निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, नेपाल में अत्यधिक बारिश के कारण बिहार में हर साल बाढ़ की समस्या पैदा होती है। इस सड़क के निर्माण से प्रभावित इलाकों को राहत मिलेगी और बाढ़ से होने वाले नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने यह घोषणा गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर बेतिया में आयोजित एनडीए की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा और ‘संविधान गौरव दिवस’ कार्यक्रम के दौरान की। उन्होंने बताया कि वाल्मीकिनगर और रक्सौल में एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में भी काम आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही वाल्मीकिनगर में लव-कुश पार्क विकसित किए जा रहे हैं और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी।

सम्राट चौधरी ने कहा कि नेपाल में आई आपदा के कारण बिहार की नदियों और किसानों के खेतों में गाद जमा हो गई है। इसके लिए सरकार ने गाद नीति बनाई है, जिसके तहत नदियों से गाद निकालने का काम किया जाएगा। उन्होंने प्रभावित किसानों से प्रखंड कार्यालय में आवेदन करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन किसानों की फसल बारिश या खेतों में गाद भरने से बर्बाद हुई है, उन्हें पात्रता के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चंपारण की ऐतिहासिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि इसी धरती ने महात्मा गांधी को बापू बनाया और स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने सीतामढ़ी में बन रहे भव्य सीता मंदिर का भी उल्लेख किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और बिहार में हो रहे विकास से विपक्ष परेशान है और भ्रष्टाचार व अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहा है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे, सांसद डॉ. संजय जायसवाल, सांसद सुनील कुमार और विधायक मंगल पांडेय सहित कई नेता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button