CrimeUncategorized

मेरठ के होटल में युवती को बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का आरोप, भागने पर बीच सड़क पर पीटा; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश के मेरठ में आबूलेन स्थित स्क्वायर होटल में एक युवती को बंधक बनाकर प्रताड़ित करने और बाद में सड़क पर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के पूर्व प्रेमी सलमान ने उसे होटल के कमरे में रातभर बंधक बनाकर रखा। मंगलवार दोपहर युवती किसी तरह बाहर निकली तो आरोपी ने बीच सड़क पर उसे गिराकर बाल पकड़कर पीटा।

घटना के दौरान युवती के शोर मचाने पर आसपास के व्यापारी और लोग मौके पर जुट गए। भीड़ ने युवती को आरोपी से छुड़ाया और सलमान की पिटाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी भीड़ से बचकर होटल की छत पर पहुंचा और पीछे की ओर से कूदकर फरार हो गया। होटल कर्मचारियों पर भी उसे भागने में मदद करने का आरोप लगाया गया है।

जानकारी के मुताबिक, युवती गाजियाबाद की रहने वाली है और उसकी शादी तय हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात सलमान से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती के बाद उन्होंने परतापुर के रिठानी में साथ मिलकर कारोबार शुरू किया था, लेकिन कारोबार नहीं चलने पर होटल बंद हो गया। इसके बाद युवती ने सलमान से संपर्क तोड़ दिया था।

आरोप है कि सोमवार को युवती अपनी सहेली से मिलने मेरठ आई थी। इसी दौरान उसे आबूलेन स्थित होटल लाया गया, जहां सलमान पहले से मौजूद था। इसके बाद उसे अलग कमरे में ले जाया गया। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए दो टीमें गठित की गई हैं।

घटना के बाद हिंदू संगठनों ने विरोध जताते हुए आरोपी की गिरफ्तारी, एनकाउंटर और होटल को सील करने की मांग की है। पुलिस होटल में बिना एंट्री के कमरा देने सहित मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button