Crime

डार्क वेब पर 2,500 अग्निवीरों का डेटा बेचने की कोशिश, दिल्ली पुलिस ने 14 साल के नाबालिग को पकड़ा

दिल्ली में साइबर सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने 14 साल के एक नाबालिग को हिरासत में लिया है, जिस पर डार्क वेब पर अग्निवीर भर्ती से जुड़े डेटा को बेचने की कोशिश करने का आरोप है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने दावा किया था कि उसके पास 2,500 से ज्यादा अग्निवीरों का निजी डेटा मौजूद है। हालांकि, बरामद जानकारी की वास्तविकता और संवेदनशीलता की जांच अभी जारी है।

जांच एजेंसियों को शक है कि नाबालिग ने अग्निवीर भर्ती पोर्टल में तकनीकी खामियों का फायदा उठाकर डेटा हासिल किया। आरोप है कि उसने वेबसाइट के मुख्य पेज की कोडिंग में कमियां खोजीं और AI टूल या बॉट की मदद से पोर्टल तक अनधिकृत पहुंच बनाई। इसके बाद उसने नौकरी के आवेदन जमा करने वाले खातों के पासवर्ड हासिल कर लिए।

पुलिस के मुताबिक, नाबालिग ने कथित तौर पर डेटा सीधे डार्क वेब पर अपलोड नहीं किया था, बल्कि उसे बेचने के लिए एक विज्ञापन या लिस्टिंग पोस्ट की थी। वह खरीदार तलाश रहा था और इसके बदले पैसे कमाना चाहता था। हालांकि, किसी के साथ सौदा होने से पहले ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

सूत्रों के अनुसार, डार्क वेब पर डाली गई लिस्टिंग में 2,500 से अधिक अग्निवीरों के निजी डेटा होने का दावा किया गया था। इसमें 47 सरकारी विभागों और पुलिस थानों में जमा किए गए उनके नौकरी संबंधी आवेदन फॉर्म की जानकारी भी शामिल होने की बात कही गई है।

फिलहाल पुलिस बरामद डेटा की जांच कर रही है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि जानकारी वास्तव में अग्निवीर भर्ती से संबंधित है या नहीं, नाबालिग ने इसे किस तरीके से हासिल किया और क्या भर्ती पोर्टल को हैक किया गया था। साथ ही, इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति या समूह की भूमिका होने की आशंका की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button