
श्री अकाल तख्त साहिब ने आपसी विवाद और सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करने के मामले में दो रागी जत्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज के आदेश पर भाई जगजीत सिंह बबीहा और भाई कुलविंदर सिंह खड़ूर के कीर्तनी जत्थों पर 13 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक संगत में कीर्तन करने पर रोक लगा दी गई है।
जारी आदेश के मुताबिक, दोनों जत्थों के प्रमुखों को एक महीने तक गुरमत की शिक्षा लेने के निर्देश दिए गए हैं। भाई जगजीत सिंह बबीहा अमृतसर के शहीद सिख मिशनरी कॉलेज में और भाई कुलविंदर सिंह खड़ूर श्री आनंदपुर साहिब की गुरमत संगीत अकादमी में शिक्षा प्राप्त करेंगे। इसके साथ ही दोनों को संबंधित संस्थानों के लंगर हॉल में सुबह-शाम सेवा भी करनी होगी। एक महीने का समय पूरा होने के बाद उन्हें संस्थानों से प्रमाणपत्र लेकर श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय में व्यक्तिगत रूप से पेश होना होगा।
अकाल तख्त के सचिवालय के अनुसार, दोनों जत्थों के बीच विवाद के दौरान गुरुद्वारा साहिब के दीवान हॉल में सोशल मीडिया के माध्यम से एक-दूसरे के खिलाफ आपत्तिजनक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप किए जा रहे थे। इस संबंध में संगत की ओर से लगातार शिकायतें भी मिल रही थीं। आदेश में कहा गया है कि गुरबाणी कीर्तन के लिए श्रद्धा, विनम्रता और सिख रहित मर्यादा का पालन जरूरी है। दोनों जत्थों को एक महीने तक कीर्तन से दूर रखकर गुरमत शिक्षा, धार्मिक मर्यादा और सेवा के जरिए अपनी जिम्मेदारी समझने का निर्देश दिया गया है।



