Crime

अयोध्या में UP STF का बड़ा एक्शन, 1.25 करोड़ का 433 किलो गांजा बरामद; हरियाणा का तस्कर गिरफ्तार

अयोध्या: उत्तर प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए यूपी एसटीएफ ने अयोध्या में बड़ी खेप पकड़ी है। एसटीएफ की लखनऊ टीम ने सुल्तानपुर-अयोध्या हाईवे पर भरतकुंड टोल प्लाजा के पास एक 14 टायरा ट्रक को रोककर उसमें से 433.930 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान हरियाणा निवासी मोहम्मद इरशाद के रूप में हुई है।

एसटीएफ के मुताबिक, पिछले कई दिनों से सूचना मिल रही थी कि ओडिशा और आंध्र प्रदेश के रास्ते ट्रकों के जरिए उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में गांजे की तस्करी की जा रही है। इसी इनपुट के आधार पर एसटीएफ की टीम तस्करी नेटवर्क पर नजर रख रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ओडिशा से एक ट्रक में गांजे की बड़ी खेप लेकर तस्कर उत्तर प्रदेश पहुंचने वाला है। इसके बाद टीम ने भरतकुंड टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया और तलाशी के दौरान गांजा बरामद कर लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार चालक मोहम्मद इरशाद ने बताया कि वह पंजाब के जालंधर से ट्रक में आड़ू लादकर ओडिशा के अंगुल क्षेत्र गया था। वहां माल उतारने के बाद ट्रक मालिक इकरामूद्दीन ने उसे फोन कर अंगुल टोल प्लाजा पार करने के बाद सोनपुर मार्ग पर एक पेट्रोल पंप के पास ट्रक खड़ा करने को कहा था। चालक के मुताबिक, देर रात करीब एक बजे एक व्यक्ति वहां पहुंचा और ट्रक मालिक से फोन पर बात की। इसके करीब तीन घंटे बाद उसी व्यक्ति ने ट्रक में 433 किलो से अधिक गांजा लोड किया और चालक को गाड़ी की चाबी के साथ लावा कंपनी का कीपैड मोबाइल और सिम कार्ड दिया।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि गांजे की पूरी खेप बहराइच पहुंचाई जानी थी। योजना के मुताबिक, वहां पहुंचने के बाद दिए गए मोबाइल नंबर पर खरीदार का फोन आता और ट्रक मालिक से पुष्टि के बाद गांजे की डिलीवरी की जाती। हालांकि, उत्तर प्रदेश में प्रवेश के बाद एसटीएफ ने ट्रक को पकड़ लिया और कथित तस्करी की योजना नाकाम कर दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और अन्य पहचान पत्र भी बरामद किए हैं। एसटीएफ अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में फरार बताए जा रहे ट्रक मालिक इकरामूद्दीन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और एसटीएफ की टीमें दबिश दे रही हैं।

इस कार्रवाई से ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक फैले कथित अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क की जांच तेज हो गई है। पुलिस का प्रयास है कि खेप भेजने, ट्रक में गांजा लोड करने और बहराइच में इसकी डिलीवरी लेने वाले पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

Related Articles

Back to top button