Posted By : Admin

संसद में धक्का-मुक्की की घटना पर क्राइम ब्रांच करेगी जांच, राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज हुई थी FIR

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ संसद परिसर में ‘धक्का-मुक्की’ के मामले में दर्ज एफआईआर को अब क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच करेगी। यह मामला गुरुवार को उस वक्त सामने आया जब दिल्ली पुलिस ने संसद परिसर में हुई घटना को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। क्राइम ब्रांच को जांच सौंपे जाने के बाद राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ने की संभावना है।

घटना के दौरान संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के कथित अपमान को लेकर संसद भवन के मकर द्वार के पास सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार नारेबाजी हुई।

विपक्ष और एनडीए सांसदों के बीच तीखी झड़प

मकर द्वार के पास हुए हंगामे के दौरान विपक्ष और एनडीए सांसदों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसमें बीजेपी सांसद मुकेश राजपूत और पूर्व मंत्री प्रतापचंद्र सारंगी घायल हो गए। बीजेपी ने इस घटना को लेकर राहुल गांधी पर ‘शारीरिक हमला और उकसाने’ का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी। इसके बाद संसद मार्ग थाने में राहुल के खिलाफ आईपीसी की धारा 117, 115, 125, 131, 351 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन धाराओं के तहत गंभीर चोट पहुंचाने, आपराधिक बल प्रयोग और व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

प्रियंका गांधी का भाजपा पर हमला

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने शुक्रवार को कहा कि I.N.D.I.A. गठबंधन के नेताओं के साथ विचार-विमर्श के बाद केंद्रीय मंत्री अमित शाह के आंबेडकर संबंधी बयान के खिलाफ विरोध को तेज किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी अपने खिलाफ दर्ज मामले का कानूनी रूप से सामना करेंगे। वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने एफआईआर दर्ज किए जाने पर बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि इससे स्पष्ट है कि सत्ताधारी दल बुरी तरह हताश हो चुका है।इस घटनाक्रम ने राजनीतिक माहौल को और अधिक गरमा दिया है, और सभी की निगाहें इस मामले पर टिकी हुई हैं।

Share This