Posted By : Admin

“डबल इंजन नहीं, डबल ब्लंडर सरकार”, अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्र और राज्य सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार ‘डबल इंजन’ नहीं बल्कि ‘डबल ब्लंडर’ की सरकार है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें वंदे भारत ट्रेन से जुड़ी एक घटना का जिक्र था। खबर के अनुसार, ट्रेन को गोवा जाना था, लेकिन वह गलती से कल्याण पहुंच गई। इस पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने देश की गाड़ी को भी गलत पटरी पर डाल दिया है।

इसके पहले, सोमवार को अखिलेश यादव ने राज्य में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा था कि उत्तर प्रदेश अब ‘ईज ऑफ डूइंग क्राइम’ (अपराध करने में आसानी) में देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लखनऊ और सहारनपुर में हुई चोरी और लूट की घटनाओं का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार की कड़ी आलोचना की।

अपने पोस्ट में उन्होंने लखनऊ के चिनहट इलाके में एक बैंक में हुई चोरी की घटना की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “आज का एपिसोड… लखनऊ का ओवरसीज बैंक, जहाँ लॉकर काटकर बहुमूल्य संपत्ति चुराई गई। कल सहारनपुर में बैंक लुटा गया था।” अखिलेश ने इन घटनाओं को प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश अपराध के मामले में ‘नंबर वन’ बन गया है।

Share This