चूड़ियों के शहर फिरोजाबाद के गंज बाजार स्थित जूट शोरूम और रेडीमेड कपड़े के गोदाम में सोमवार देर रात लगभग एक बजे भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी भयानक थी कि उसे बुझाने के लिए जिले की चार दमकल गाड़ियां और दमकल कर्मियों की टीम मौके पर भेजी गई। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने चीख-पुकार के बीच घटना की सूचना दी। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
अग्निशमन अधिकारी दुर्गेश कुमार त्यागी ने बताया कि स्थानीय निवासी ओमी राजपूत ने फोन कर गंज बाजार के एक कपड़े के शोरूम में आग लगने की जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर भेजी गईं। शोरूम के ऊपर रह रहे मकान मालिक के परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल आग के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
इस अग्निकांड ने जूट शोरूम और रेडीमेड कपड़ों के गोदाम में भारी नुकसान पहुंचाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम घटना के हर पहलू की जांच कर रही है।

