उत्तर प्रदेश के संभल में पुलिस के एक क्षेत्राधिकारी को इंटरव्यू देने के लिए दबाव बनाने और धमकाने के आरोप में एक यूट्यूबर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, यूट्यूबर मशकूर रजा दादा ने स्थानीय क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनुज कुमार चौधरी पर इंटरव्यू लेने के नाम पर दबाव डाला और इसके लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार के नाम का सहारा लिया। मशकूर रजा ने 24 नवंबर को संभल में हुई हिंसा के संदर्भ में चौधरी का इंटरव्यू लेने की कोशिश की थी।
गिरफ्तारी से पहले, मशकूर रजा ने संवाददाताओं से कहा कि उसका ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय भी है और वह भाजपा कार्यकर्ता है। उसने बताया कि वह अपनी प्रसिद्धि बढ़ाने के लिए संभल के पुलिस क्षेत्राधिकारी का इंटरव्यू लेना चाहता था। हालांकि, जब उसे मना किया गया, तो उसने कई बार फोन कर दबाव डाला। रजा ने यह भी कहा कि यदि इंटरव्यू हो जाता, तो वह पूरे भारत में मशहूर हो जाता।
मशकूर रजा ने सीओ को यह भी कहा कि वह मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक या पुलिस अधीक्षक से बात करके उन्हें राजी करवा सकता है। संभल कोतवाली पुलिस ने मशकूर रजा पर शांति भंग करने का मामला दर्ज किया है, क्योंकि वह सीओ पर इंटरव्यू के लिए दबाव बना रहा था और मना करने पर उन्हें धमका रहा था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

