उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में खनन माफिया का दबदबा इस हद तक बढ़ चुका है कि पुलिस की निगरानी में खड़ी सीज ट्रकों को भी वे आसानी से उड़ा ले गए। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। माफियाओं द्वारा ट्रकों को ले जाने के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर ट्रकों की तलाश शुरू कर दी है।
अदलहाट थाना क्षेत्र स्थित एकेएस बालू गिट्टी मंडी में एसडीएम और अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बिना परमिट और ओवरलोड के 108 ट्रकों को सीज कर पुलिस की निगरानी में खड़ा किया था। लेकिन, खनन माफिया ने 19 ट्रकों को पुलिस की मौजूदगी में ही जबरन लेकर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस महकमे में अफरातफरी मच गई। माफिया के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने 7 ट्रकों को फिर से मंडी में लाकर खड़ा कर दिया, जबकि बाकी 12 ट्रकों की अभी भी तलाश जारी है।
बताया जाता है कि एसडीएम चुनार राजेश कुमार वर्मा, खनन अधिकारी जितेंद्र सिंह, एआरटीओ विजय प्रकाश और अहरौरा अदलहाट पुलिस की टीम ने बुधवार की रात खनिज सामग्री ले जाने वाले ट्रकों के परमिट की चेकिंग की थी, इस दौरान 108 ट्रकों को ओवरलोड और परमिट की अवधि समाप्त होने के कारण सीज कर दिया गया था। अगले दिन रात को खनन माफिया ने पुलिस से बिना अनुमति लिए 19 ट्रकों को लेकर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार ट्रकों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

