नए साल की शुरुआत के साथ ही ICC ने ताज़ा रैंकिंग जारी कर दी है, जिसमें भारतीय खिलाड़ियों के लिए मिली-जुली खबरें आई हैं। बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें नुकसान हुआ है, लेकिन स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन के दम पर नया इतिहास रच दिया है। टेस्ट क्रिकेट में अपनी बादशाहत को कायम रखते हुए बुमराह ने ऐसा मुकाम हासिल किया है, जो अब तक कोई भी भारतीय गेंदबाज नहीं कर सका था।
बॉक्सिंग डे टेस्ट में 5 विकेट हॉल सहित कुल 9 विकेट लेने वाले जसप्रीत बुमराह ने ICC टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति और भी मजबूत कर ली है। उन्होंने 907 रेटिंग पॉइंट्स हासिल कर भारत के लिए एक नया रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले कोई भी भारतीय गेंदबाज ICC टेस्ट रैंकिंग में 904 से अधिक रेटिंग पॉइंट्स नहीं जुटा सका था। एक्टिव खिलाड़ियों में, केवल ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस ने अगस्त 2019 में 914 रेटिंग पॉइंट्स के साथ इससे अधिक अंक जुटाए हैं।
हाल ही में, बुमराह 904 रेटिंग पॉइंट्स के साथ रविचंद्रन अश्विन के रिकॉर्ड की बराबरी कर चुके थे, जिन्होंने दिसंबर 2016 में यह आंकड़ा छुआ था। लेकिन बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 में अपने बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत बुमराह ने 907 पॉइंट्स के साथ नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। इस सीरीज में बुमराह अब तक 4 मैचों की 8 पारियों में 30 विकेट ले चुके हैं और उनकी बराबरी करने वाला कोई गेंदबाज दूर-दूर तक नजर नहीं आता।
ICC रैंकिंग में बुमराह ने नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज के रूप में अपनी स्थिति को मजबूत किया है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड और पैट कमिंस को क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर जगह मिली है। दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा को दो स्थान का नुकसान हुआ है और वे चौथे स्थान पर खिसक गए हैं। मार्को यानसन ने 6 स्थानों की छलांग लगाकर 5वें स्थान पर कब्जा जमाया है। टॉप-10 गेंदबाजों की सूची में भारत के जसप्रीत बुमराह के अलावा रवींद्र जडेजा भी शामिल हैं, जो फिलहाल 10वें स्थान पर हैं।

