भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 का चौथा टेस्ट मेलबर्न में हुआ, जिसमें टीम इंडिया को करारी हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद टीम इंडिया के पास एक ही विकल्प बचा है – जीत। अब सिडनी में होने वाला पांचवां और आखिरी टेस्ट मैच टीम इंडिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो गया है, क्योंकि इस मैच में जीत हासिल करने से ना सिर्फ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीतने का मौका रहेगा, बल्कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जाने की उम्मीद भी कायम रहेगी। अगर सिडनी टेस्ट में भी हार मिलती है, तो टीम इंडिया का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने का सपना टूट जाएगा।
इस बीच, सिडनी टेस्ट से एक दिन पहले टीम इंडिया के लिए एक बुरी खबर आई। हेड कोच ने यह बताया कि तेज गेंदबाज आकाश दीप कमर में जकड़न के कारण इस टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह हर्षित राणा या प्रसिद्ध कृष्णा को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है।
रोहित शर्मा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पर्थ में टीम इंडिया ने जसप्रीत बुमराह की कप्तानी में शानदार शुरुआत की थी, लेकिन उसके बाद रोहित शर्मा के कप्तान बनने के बाद टीम इंडिया की किस्मत बदल गई। अब तक तीन टेस्ट मैचों में से भारत को दो में हार का सामना करना पड़ा और एक मैच ड्रॉ रहा। इस हार और प्रदर्शन को लेकर रोहित शर्मा की कप्तानी और बल्लेबाजी पर चर्चा हो रही है।
सिडनी टेस्ट से पहले, जब टीम इंडिया के खिलाड़ी फील्डिंग प्रैक्टिस करने मैदान में उतरे, तो सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें बाकी सभी खिलाड़ी प्रैक्टिस करते हुए दिखाई दिए, लेकिन रोहित शर्मा कहीं नजर नहीं आए। उनकी जगह शुभमन गिल स्लिप में कैचिंग प्रैक्टिस करते दिखे। इस तस्वीर के बाद यह सवाल उठने लगा कि क्या रोहित शर्मा सिडनी टेस्ट में नहीं खेलेंगे। इस सवाल का जवाब कल तक ही मिलेगा।

