Posted By : Admin

यूपी में बर्फीली हवाओं का कहर, कई जिलों में ओलावृष्टि की संभावना

प्रदेश में शीतलहर और घने कोहरे का प्रकोप लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में ठंड के बढ़ते प्रभाव और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में मंगलवार सुबह ओलावृष्टि होने की संभावना व्यक्त की गई है। ठंड की वजह से बीते 24 घंटों में पांच लोगों की मौत की खबर है। इनमें फतेहपुर और कानपुर देहात में दो-दो लोगों की मौत हुई है, जबकि चित्रकूट में ठंड के कारण एक किसान की जान चली गई।

लखनऊ में ठंड का कहर

लखनऊ में सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री कम होकर 17.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार सुबह घने कोहरे की संभावना है, हालांकि दोपहर के बाद मौसम साफ हो सकता है। तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कई जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहने और घने कोहरे के प्रभाव की चेतावनी दी गई है।

आरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने 7 और 8 जनवरी के दौरान श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत समेत कई जिलों में अत्यधिक शीतलहर की संभावना को देखते हुए आरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में ठंड और कोहरे का असर और अधिक होने की आशंका है।

इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, कन्नौज, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भी घने कोहरे की संभावना जताई गई है।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ओलावृष्टि का अनुमान

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, बिजनौर, अमरोहा, रामपुर, मुरादाबाद और संभल जिलों में मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक गरज के साथ हल्की बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है।

सर्द हवाओं से बढ़ी गलन

आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और आसपास के जिलों में सोमवार की सुबह ठंडी और गलन भरी हवाओं के साथ शुरू हुई। कोहरे में कमी के बावजूद सर्द हवाओं के कारण गलन का प्रभाव ज्यादा महसूस किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 जनवरी को आगरा में बादल छाए रह सकते हैं, जबकि 11 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है।

Share This