उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच तनाव बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने गठबंधन के बारे में बड़ा बयान देते हुए कहा कि अगर कोई समझौता नहीं होता है तो गठबंधन जरूरी नहीं है।
यह बयान लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अविनाश पांडे ने दिया। उल्लेखनीय है कि समाजवादी पार्टी ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी को समर्थन दिया है, जबकि उत्तर प्रदेश में उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार न उतारने का फैसला किया है।
कुछ समय पहले, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा था कि मिल्कीपुर में कांग्रेस समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को पूरी तरह से समर्थन देगी। अजय राय ने अखिलेश यादव के बयान का भी जवाब दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस पार्टी दिल्ली में हमेशा से मजबूत रही है और अरविंद केजरीवाल ने कोई खास काम नहीं किया, बल्कि लोगों को केवल बेवकूफ बनाने का काम किया। वहीं अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी आम आदमी पार्टी का समर्थन करेगी और उनके साथ मंच भी साझा करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी का समर्थन उस पार्टी को मिलेगा, जो बीजेपी को हराने में सक्षम हो। साथ ही कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि दिल्ली में कांग्रेस का समर्थन कमजोर है और वह बीजेपी को हराने की स्थिति में नहीं है।
इन बयानों से यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि समाजवादी पार्टी दिल्ली चुनाव में कांग्रेस का समर्थन नहीं करने वाली है। दरअसल, सपा ने पहले ही अवधेश प्रसाद के बेटे अजित प्रसाद को उम्मीदवार के रूप में उतार रखा है। अवधेश प्रसाद भी अपने बेटे को जीत दिलाने के लिए जोर-शोर से प्रयास कर रहे हैं। बता दें कि मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर 5 फरवरी को मतदान होगा और 8 फरवरी को मतगणना की जाएगी।

