लखनऊ के वजीरगंज इलाके में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुजीबुर रहमान उर्फ बबलू (50) ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर अपनी जान दी। बबलू पिछले दो साल से लीवर कैंसर से पीड़ित थे और इस बीमारी के चलते उन्हें शारीरिक और मानसिक कष्ट का सामना करना पड़ रहा था। कैंसर की वजह से उनका जीवन कठिन हो गया था और इसी परेशानी से तंग आकर उन्होंने आत्महत्या का कदम उठाया।
मुजीबुर रहमान का जन्म और पालन-पोषण मौलवीगंज में हुआ था। वह सात भाइयों में छठे नंबर पर थे। उनके निधन से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। समाजवादी पार्टी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है और अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट के जरिए गहरा दुख जताया। पार्टी ने लिखा कि “लखनऊ के पूर्व नगर अध्यक्ष मुजीबुर्रहमान ‘बबलू’ जी का इंतकाल अत्यंत दुःखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और शोकाकुल परिवार के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं।”
बताया जाता है कि आत्महत्या करने से पहले बबलू ने अपने परिवार के एक व्हाट्सएप ग्रुप पर एक संदेश भेजा था। इस संदेश में उन्होंने अपने परिवार के सभी सदस्यो को अपनी मोहब्बत का धन्यवाद दिया और उनसे दुआ करने की अपील की। उन्होंने लिखा था कि उन्हें हमेशा याद रखा जाए। यह संदेश उनके मानसिक स्थिति का संकेत था और इसके बाद उन्होंने अपनी जान ली।
बबलू समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए थे और वर्ष 1995 में मौलवीगंज वार्ड से सभासद भी रहे थे। उनकी मृत्यु से पार्टी और उनके परिवार में गहरा शोक है। उनके साथी और परिवार के लोग इस दुखद घटना से सदमे में हैं।

