Posted By : Admin

सीएम योगी ने जनता दर्शन में सुनी समस्याएं , बोले- अन्याय किसी के साथ नहीं होने देंगे


कड़कड़ाती ठंड के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को जनता दर्शन में पहुंचकर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने हर समस्या का त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही, अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि हर पीड़ित की समस्या पर तत्काल कार्रवाई करें। उन्होंने चेताया कि लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सुनीं 100 लोगों की समस्याएं, दिए समाधान के निर्देश

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने मंगलवार सुबह जनता दर्शन में करीब 100 लोगों से मुलाकात की। उन्होंने सभी की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए निर्देश दिया कि समस्याओं का शीघ्र व संतोषजनक समाधान किया जाए। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार हर पीड़ित के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
ठंड को देखते हुए जनता दर्शन का आयोजन मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में किया गया, जहां कुर्सियों पर बैठे लोगों के पास मुख्यमंत्री स्वयं पहुंचे और एक-एक कर उनकी बात सुनी।

जनता दर्शन में कई लोग आर्थिक सहायता की गुहार लेकर आए थे, खासतौर पर इलाज से संबंधित मामलों में। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज से संबंधित इस्टीमेट प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा कर शासन को प्रस्तुत किया जाए।

एक महिला द्वारा इलाज की सहायता मांगे जाने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीज का इलाज मेडिकल कॉलेज या अन्य उच्च स्तरीय अस्पताल में कराया जाए। राजस्व और पुलिस मामलों में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ समाधान करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। जमीन पर जबरन कब्जे की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कानून के अनुसार दोषियों को सबक सिखाने का आदेश दिया।

गुरु की पूजा और गोसेवा की

गोरखनाथ मंदिर में प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही। मंगलवार सुबह उन्होंने गुरु गोरखनाथ की पूजा-अर्चना की और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर मत्था टेका। इसके बाद मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए वे गोशाला पहुंचे।
गोशाला में उन्होंने कुछ समय बिताया, गोवंश को दुलारा और गुड़ खिलाया। मुख्यमंत्री ने गोशाला के कार्यकर्ताओं को बेहतर देखभाल के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।

Share This