जालौन जिले के चुर्खी थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गई, जिससे उसमें सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से तीन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि अन्य तीन को नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सभी लोग उरई में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। ककरा गांव के पास तेज रफ्तार के चलते चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी खंती में गिर गई। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने पीड़ितों के परिजनों को हादसे की जानकारी दी, जो तत्काल अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे।
इस दुखद हादसे से मृतकों के परिवारों में मातम छा गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस दुर्घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार और खराब सड़कें हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है।

