लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र में इंदिरा नहर के पास तीन वाहनों के बीच हुई टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक वैन और एक एसयूवी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं।
पुलिस के अनुसार, ट्रक ने एसयूवी को पीछे से टक्कर मारी, जिसके बाद वैन भी उसमें घुस गई। इस दुर्घटना में वैन में सवार तीन और एसयूवी में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतकों की पहचान शहजाद (40), किरण यादव (38), कुंदन (20) और हिमांशु (17) के रूप में हुई है। घायलों को राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है, और उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिवारों को सौंप दिया जाएगा। इसके अलावा, दुर्घटनास्थल से मलबा हटाकर किसान पथ पर यातायात को सामान्य कर दिया गया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
डीसीपी ईस्ट शशांक सिंह ने बताया कि बीबीडी थाना क्षेत्र के किसान पथ पर यह दुखद हादसा हुआ, जिसमें दो गाड़ियां दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। ट्रक इन दोनों गाड़ियों से टकरा गया। एक गाड़ी में लगभग 9 लोग सवार थे, जिनमें से 6 गंभीर रूप से घायल हुए और एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। दूसरी गाड़ी में 4 लोग सवार थे, जिनमें से 3 की मौत हो गई। ट्रक को अब पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

