Posted By : Admin

मौनी अमावस्या से पहले महाकुंभ में उमड़ी लाखों की भीड़ , प्रयागराज में श्रद्धालुओं का उत्साह

प्रयागराज में सनातनी आस्था के महापर्व महाकुंभ का आज 15वां दिन है। संगम में लाखों श्रद्धालु डुबकी लगाने पहुंचे हैं और मेला क्षेत्र में भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। आगामी 29 जनवरी को मौनी अमावस्या के स्नान से पहले ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ चुका है। शनिवार और रविवार की छुट्टियों का प्रभाव साफ देखा जा रहा है, और हर दिशा से लोग संगम की ओर बढ़ रहे हैं। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और हाइवे पर भारी भीड़ नजर आ रही है। मौनी अमावस्या के स्नान से पहले ही करोड़ों लोग प्रयागराज पहुंच चुके हैं। वीडियो में दिख रही यह विशाल जनसंचार परेड ग्राउंड के प्रवेश द्वार की है, जहां लाखों लोग पैदल आगे बढ़ रहे हैं। कुंभ मेले में प्रवेश करने पर भीड़ इतनी ज्यादा हो गई है कि लोग एक-दूसरे से टकराते हुए चल रहे हैं। अनुमान है कि मौनी अमावस्या के स्नान के दिन 8 से 10 करोड़ श्रद्धालु संगम पर होंगे।

आस्था के इस महापर्व में हिस्सा लेने के लिए लोग हर संभव प्रयास कर रहे हैं। लोग थक चुके हैं, लेकिन गंगा माता की आस्था उनके हौसले को और मजबूत बना रही है। लोग ‘जय गंगे’ का उद्घोष करते हुए अपनी मंजिल की ओर बढ़ते जा रहे हैं। इस दौरान कई VIP भी कुंभ मेला क्षेत्र में पहुंचे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को थोड़ी परेशानी हो रही है।

मेला प्रशासन और कुंभ पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए पूरी तरह से तैयारियां की हैं। शुक्रवार और शनिवार को ही 1.25 करोड़ से अधिक लोग संगम में स्नान कर चुके हैं। आगामी मौनी अमावस्या के दिन लगभग 10 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। मेला प्रशासन और कुंभ पुलिस का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने पूरे मेला क्षेत्र को ‘वाहन निषिद्ध क्षेत्र’ घोषित किया है और संगम तटों पर बैरिकेडिंग का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। साथ ही हर सेक्टर और जोन में विशेष व्यवस्था की गई है। आईसीसीसी (इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर) भीड़ पर निगरानी रखेगा, और साथ ही भीड़-भाड़ वाले इलाकों में त्वरित कार्यवाही के लिए विशेष दल तैनात किए जाएंगे।

प्रमुख मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों पर भी नजर रखी जा रही है। मेला क्षेत्र में अवैध दुकानों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित और आरामदायक यात्रा मिल सके। स्वच्छता कर्मियों को सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Share This