Posted By : Admin

महाकुंभ के आयोजन के कारण इस जिले में 30 जनवरी तक 12वीं तक के स्कूल बंद रहेंगे, आदेश जारी

मौनी अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या महाकुंभ में अमृत स्नान के लिए पहुंच रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उन्हें सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने के लिए प्रशासन ने समुचित इंतजाम किए हैं। माना जा रहा है कि मौनी अमावस्या पर प्रयागराज के त्रिवेणी संगम में लगभग 10 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पुण्य की डुबकी लगाएंगे। इस दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए, प्रयागराज नगर क्षेत्र के 12वीं तक के सभी स्कूलों में 30 जनवरी तक अवकाश की घोषणा की गई है।

इसके साथ ही, इस दिन होने वाली भीड़ को देखते हुए इलाहाबाद उच्च न्यायालय, केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट) और जिला न्यायालय में भी छुट्टी घोषित की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक पीएन सिंह ने आदेश जारी कर दिए हैं कि नगर क्षेत्र के सभी विद्यालयों में अवकाश रहेगा। हालांकि, माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) के प्रदेश महामंत्री लालमणि द्विवेदी ने इस फैसले पर आपत्ति जताई है।

वहीं, रजिस्ट्रार जनरल राजीव भारती द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, इलाहाबाद उच्च न्यायालय की प्रधान पीठ में 28 और 30 जनवरी को छुट्टी रहेगी। इसके स्थान पर 17 मई और 23 अगस्त को काम होगा। सोमवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय खुला रहा, लेकिन शहर में भारी भीड़ के कारण यातायात में समस्याएं आईं, जिसके चलते अदालत में कोई महत्वपूर्ण आदेश नहीं लिया जा सका। कैट बार एसोसिएशन के महासचिव जितेंद्र नायक ने बताया कि डिप्टी रजिस्ट्रार कंचन शर्मा की अधिसूचना के अनुसार, प्रयागराज पीठ में 28 से 30 जनवरी तक छुट्टी रहेगी और इसके बदले 5 और 26 अप्रैल तथा 3 मई को काम होगा।

Share This