Posted By : Admin

अधूरी सड़क पर हुआ भीषण हादसा! ऑटो और पिकअप की टक्कर में 2 लोगों की मौत, 4 घायल

बदायूं रोड पर लाल फाटक के पास कुछ आगे एक अधूरी सड़क जानलेवा साबित हुई। इस दुर्घटना में उल्टी दिशा से आ रही पिकअप और ऑटो के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे की है, जब एक ऑटो बरेली जंक्शन से सवारियां लेकर आंवला जा रहा था। जैसे ही ऑटो लाल फाटक से कुछ आगे स्थित मंदिर के पास पहुंचा, वह अधूरी सड़क के कारण उल्टी दिशा से आ रही पिकअप से टकरा गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार सभी लोग सड़क पर गिर गए। इस हादसे में आंवला के मोहल्ला त्रिपोलिया निवासी 50 वर्षीय कांति देवी और गोरखपुर के ग्राम मुजौली, पोस्ट चटगांव, थाना शहजन के 25 वर्षीय शुभम विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कांति देवी की बेटी मधु, कुमारी बृजेश, पति रामस्वरूप और ऑटो चालक अनिल घायल हो गए।

हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कैंट इंस्पेक्टर राजेश यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को मोर्चरी भेजा तथा घायलों को अस्पताल भेजा। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया।

इस स्थान पर सड़क का काम साल भर से अधूरा पड़ा है। लाल फाटक से कुछ आगे स्थित मंदिर के सामने सड़क को अधूरा छोड़ दिया गया है। यहां पर वाहन चालक सड़क के झटकों से बचने के लिए उल्टी दिशा में आकर सड़क पार करते हैं, जिससे यह हादसा हुआ। इससे पहले भी इस जगह पर कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया, जिससे यह जगह ब्लैक स्पॉट बन चुकी है।

Share This