लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे के आधुनिकीकरण और मरम्मत के कारण 1 मार्च से 15 जुलाई तक उड़ानों के संचालन में आंशिक रूप से रोक लगाई जाएगी। इस अवधि में प्रतिदिन 80 से अधिक उड़ानें प्रभावित होंगी, जिससे लगभग 20 हजार यात्रियों को असुविधा हो सकती है। हालांकि, यात्रियों के टिकट के पैसे वापस किए जाएंगे।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) से मिली मंजूरी के तहत, 1 मार्च से रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक रनवे बंद रहेगा, जिससे इस दौरान विमानों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी जाएगी। हालांकि, सुबह 10 बजे से पहले और शाम 6 बजे के बाद उड़ानें सामान्य रूप से संचालित की जाएंगी।
एयरपोर्ट प्रवक्ता के अनुसार, इस मरम्मत कार्य में रनवे की सतह को दोबारा तैयार किया जाएगा और उसकी प्रोफाइल को सुधारा जाएगा। एयर फील्ड ग्राउंड लाइटिंग को हैलोजन से एलईडी में बदला जाएगा। इसके साथ ही, रनवे की क्षमता बढ़ाने के लिए पूरी लंबाई का एक नया समानांतर टैक्सी-वे बनाया जाएगा। इसके अलावा, टेकऑफ और लैंडिंग को आसान बनाने के लिए एक नया लिंक टैक्सी-वे भी विकसित किया जाएगा।
मरम्मत के तहत 2,744 मीटर लंबे और 45 मीटर चौड़े रनवे के दोनों ओर 7.5 मीटर अतिरिक्त शोल्डर की मरम्मत की जाएगी। पिछली बार 2018 में रनवे पर रिकार्पेटिंग की गई थी, जिसे अब हटाकर नए नियामक मानकों के अनुसार डामर की नई परत डाली जाएगी। रनवे और टैक्सी-वे समेत कुल 1.80 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में पुनर्निर्माण कार्य होगा।
इस दौरान, प्रतिदिन 132 उड़ानों का संचालन किया जाएगा, लेकिन दिन में चलने वाली कई उड़ानों के समय में बदलाव किया जाएगा। हवाई अड्डा प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति और समय में किसी भी संभावित परिवर्तन की जानकारी के लिए अपनी संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करें।

