Posted By : Admin

ICC नॉकआउट में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टक्कर, अब तक का रिकॉर्ड क्या कहता है ?

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल मुकाबलों की तारीख तय हो चुकी है। पहले सेमीफाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें 4 मार्च को दुबई में आमने-सामने होंगी, जहां दोनों ही टीमें फाइनल में जगह बनाने के इरादे से उतरेंगी। वहीं, दूसरा सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा।

हालांकि, यह मुकाबला दोनों ही टीमों के लिए आसान नहीं होगा। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अपने प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बिना खेल रही है, जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम में पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज शामिल नहीं हैं।

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया – वनडे हेड टू हेड रिकॉर्ड

वनडे क्रिकेट में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक कुल 151 मुकाबले खेले जा चुके हैं। इसमें ऑस्ट्रेलिया ने 84 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि भारत को 57 बार जीत मिली है। 10 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला।

अगर ICC वनडे टूर्नामेंट में दोनों टीमों के प्रदर्शन पर नजर डालें, तो ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी दिखता है। अब तक भारत और ऑस्ट्रेलिया 18 बार ICC वनडे वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी में भिड़ चुके हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया ने 10 मुकाबले जीते हैं, जबकि भारत को 7 जीत मिली है। एक मैच बेनतीजा रहा।

भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सतर्क रहने की जरूरत

ICC नॉकआउट मुकाबलों में भी दोनों टीमों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली है। अब तक 8 नॉकआउट मैचों में भारत और ऑस्ट्रेलिया ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी है, जिसमें दोनों टीमों ने 4-4 बार जीत दर्ज की है

हालांकि, टीम इंडिया के लिए चिंता की बात यह है कि पिछले तीन ICC नॉकआउट मुकाबलों में उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार मिली है। भारत ने आखिरी बार 2011 वनडे वर्ल्ड कप में नॉकआउट मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को हराया था। इसके बाद 2015 से अब तक खेले गए तीन बड़े ICC टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया ने भारत पर जीत दर्ज की है।

ICC नॉकआउट में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड

  • 1998 – भारत की जीत (चैंपियंस ट्रॉफी)
  • 2000 – भारत की जीत (चैंपियंस ट्रॉफी)
  • 2003 – ऑस्ट्रेलिया की जीत (वनडे वर्ल्ड कप)
  • 2007 – भारत की जीत (T20 वर्ल्ड कप)
  • 2011 – भारत की जीत (वनडे वर्ल्ड कप)
  • 2015 – ऑस्ट्रेलिया की जीत (वनडे वर्ल्ड कप)
  • 2023 – ऑस्ट्रेलिया की जीत (वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप – WTC)
  • 2023 – ऑस्ट्रेलिया की जीत (वनडे वर्ल्ड कप)

भारतीय टीम को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा, ताकि वह फाइनल में पहुंच सके।

Share This