लखनऊ के चौधरी चरण सिंह प्रेक्षा गृह (सभागार) में जिला सहकारी बैंक लि0 लखनऊ की 95वीं वार्षिक सामान्य निकाय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता मा० सभापति वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने की। इस मौके पर उत्तर प्रदेश शासन के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह, उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक लि0 लखनऊ के सभापति जितेन्द्र बहादुर सिंह, पूर्व अध्यक्ष यूपीसीएलडीएफ वीरेन्द्र कुमार तिवारी, विधायक बीकेटी योगेश शुक्ला, विधायक मोहनलालगंज अमरेश रावत सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक में बैंक की उपलब्धियों पर चर्चा
बैठक में बैंक के उप सभापति महेन्द्र कुमार, संचालकगण विनय प्रताप सिंह, राजेश बाबू मिश्रा, दिनेश प्रताप सिंह, पंकज कुमार गुप्ता, जयप्रकाश पटेल, देशपाल सिंह, जयवीर सिंह चौहान, कनकलता सिंह, वरुण प्रताप सिंह, बृजेन्द्र कुमार वर्मा, सरोज देवी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मा० सभापति वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने बैंक की प्रगति पर चर्चा करते हुए बताया कि जिला सहकारी बैंक लि0 लखनऊ अपनी 20 शाखाओं के माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएँ उपलब्ध करा रहा है। बैंक की विभिन्न शाखाओं से जुड़ी 82 प्राथमिक कृषि ऋण समितियाँ किसानों को फसली ऋण, उर्वरक एवं कृषि निवेशों की आपूर्ति कर रही हैं। साथ ही, 8 वेतनभोगी समितियों के माध्यम से कर्मचारियों को ऋण सुविधाएँ भी प्रदान की जा रही हैं।
वित्तीय वर्ष 2023-24 में बैंक का प्रदर्शन
- इस वित्तीय वर्ष में बैंक को ₹41.26 लाख का लाभ हुआ।
- बैंक की अंशपूँजी ₹8.45 करोड़ और निक्षेप राशि ₹331.92 करोड़ तक पहुँच गई।
- बैंक की सभी 20 शाखाएँ लाभ में हैं, जो इसकी मजबूत वित्तीय स्थिति को दर्शाती हैं।
सहकारिता क्षेत्र में सुधार और नई योजनाएँ
बैठक में मुख्य अतिथि जेपीएस राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन को साकार करने के लिए 6 जुलाई 2021 को सहकारिता मंत्रालय का गठन किया गया था। गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में 54 प्रमुख योजनाएँ और पहल लागू की गई हैं, जिससे सहकारी क्षेत्र को मजबूती मिल रही है। उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में उत्तर प्रदेश के सभी 50 जिला सहकारी बैंक लाभ की स्थिति में पहुँचने की उम्मीद है।
बी-पैक्स योजना से किसानों को लाभ
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह ने अपने संबोधन में बताया कि बी-पैक्स समितियों को ₹10 लाख तक की ब्याज मुक्त ऋण सुविधा देने का निर्णय उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा लिया गया है, जिससे किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सहकारिता मंत्री की इस पहल की सराहना की और बताया कि उत्तर प्रदेश ने सदस्यता वृद्धि में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।
ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार
पूर्व अध्यक्ष यूपीसीएलडीएफ वीरेन्द्र कुमार तिवारी ने कहा कि जिला सहकारी बैंक लखनऊ गाँव-गाँव तक बैंकिंग सेवाएँ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। न्यूनतम ब्याज दर पर किसानों को ऋण प्रदान किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
बैठक का समापन
बैठक के समापन पर उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक लि0 लखनऊ के सभापति जितेन्द्र बहादुर सिंह ने सभी अतिथियों, किसानों और बैंक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया और बैठक की सफलता की घोषणा की।

