Posted By : Admin

यूपी में एक्शन मोड में प्रशासन, महाकुंभ खत्म होते ही इन मकानों पर चलेगा बुलडोजर

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ के सफल आयोजन के बाद, राज्य सरकार का बुलडोजर एक्शन एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इस बार ग्रेटर नोएडा के तिलपता करनवास में अवैध रूप से बसाई जा रही अर्बन सिटी कॉलोनी प्रशासन के निशाने पर आ गई। बुधवार को ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने इस कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर करीब 10,000 वर्ग मीटर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कर दिया। यह जमीन अधिसूचित क्षेत्र में आती थी, जिस पर बिना अनुमति के अवैध रूप से प्लॉट काटे जा रहे थे।

22 करोड़ रुपये की जमीन को कराया गया अतिक्रमण मुक्त

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने जानकारी दी कि तिलपता करनवास के खसरा नंबर 4 और 5 में कुछ लोग अवैध रूप से प्लॉटिंग कर रहे थे। प्रशासन ने कई बार चेतावनी देने के बावजूद अवैध निर्माण जारी था, जिसके चलते बुलडोजर चलाना पड़ा। इस कार्रवाई के दौरान 8 जेसीबी और 4 डंपर की मदद से 22 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन को अतिक्रमण मुक्त किया गया। मौके पर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल भी मौजूद रहे।

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की चेतावनी – अवैध कॉलोनियों में न करें निवेश

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने तिलपता करनवास में जमीन खरीदने वाले लोगों को आगाह किया है कि यह क्षेत्र प्रशासन द्वारा अधिसूचित है। ऐसे में यहां बिना अनुमति के निर्माण करना गैरकानूनी है और ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी

अथॉरिटी की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने लोगों से अवैध कॉलोनियों में निवेश न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी संपत्ति में निवेश करने से पहले अथॉरिटी से संपर्क करें और पूरी जानकारी प्राप्त करें, ताकि भविष्य में किसी भी कानूनी कार्रवाई या नुकसान से बचा जा सके।

योगी सरकार का बुलडोजर एक्शन अब दोबारा तेज हो गया है। ग्रेटर नोएडा में अवैध निर्माणों पर प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बिना अनुमति के बने किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे में लोगों को अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करनी चाहिए

Share This