मध्यप्रदेश के सीधी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-39 पर उपनी गांव में बीती रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में मिनी बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल सीधी और संजय गांधी हॉस्पिटल रीवा में भर्ती कराया गया है।
रात 2:30 बजे हुआ हादसा
यह दर्दनाक घटना रात करीब 2:30 बजे हुई, जब एक मिनी बस बच्चों के मुंडन संस्कार के लिए मैहर जा रही थी। रास्ते में तेज रफ्तार ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में साहू परिवार, देवरी और पंडरिया बहरी के लोग शामिल थे। मृतकों में 5 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं।
मिनी बस में कुल 21 यात्री सवार थे, जिनमें से 8 की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों का इलाज सीधी जिला अस्पताल में जारी है।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
स्थानीय प्रशासन ने हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना की प्रमुख वजह बताया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक सड़क हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।

