उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गजरौला थाना क्षेत्र में स्थित ग्रेट विनायक गेस्ट हाउस में एक युवक ने अपनी प्रेमिका की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना नेशनल हाईवे पर स्थित एक होटल में घटी, जहां युवक ने बेवफाई के शक में प्रेमिका को बुलाया और उसकी जान ले ली।
हत्या के बाद आरोपी ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है, और फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
प्रेमिका पर बेवफाई का शक बना हत्या की वजह
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद के अनुसार, आरोपी का नाम अनुज चौधरी है, जो बछरायूं थाना क्षेत्र का निवासी है। उसे संदेह था कि उसकी प्रेमिका किसी और के साथ संबंध में है। इसी शक के चलते उसने प्रेमिका को गजरौला के मोहल्ला नाई स्थित गेस्ट हाउस में बुलाया और गुस्से में आकर उसके सिर में गोली मार दी।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे के अन्य पहलुओं का भी खुलासा हो सके।
फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
इस हत्या कांड को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की विशेष टीमें जांच में जुट गई हैं। घटना की सच्चाई जानने के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए इस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की बात कह रही है।

