क्रिकेट में आमतौर पर खिलाड़ी 40 साल की उम्र तक इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लेते हैं। दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी 24 साल लंबे करियर के बाद 39 वर्ष की उम्र में क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। वहीं, महेंद्र सिंह धोनी 43 साल की उम्र में आईपीएल खेलते हुए नजर आ रहे हैं, लेकिन उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास पांच साल पहले ही ले लिया था।
अब सोचिए, अगर कोई खिलाड़ी 62 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना डेब्यू करे तो? जी हां, फॉकलैंड आईलैंड्स के क्रिकेटर एंड्रयू ब्राउनली ने 62 साल की उम्र में टी20 इंटरनेशनल में पदार्पण कर इतिहास रच दिया है। वे इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले इतनी ज्यादा उम्र में किसी भी क्रिकेटर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया था।
6 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
मार्च 2025 में कोस्टा रिका और फॉकलैंड आईलैंड्स के बीच खेले गए टी20 इंटरनेशनल मैच में एंड्रयू ब्राउनली ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। इसी के साथ वे सबसे ज्यादा उम्र में टी20 इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड तुर्की के उस्मान गोकर के नाम था, जिन्होंने 2019 में 59 साल 181 दिन की उम्र में टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया था। एंड्रयू ब्राउनली ने यह 6 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
फॉकलैंड आईलैंड्स की टीम सिर्फ 28 रन पर ढेर
इस मैच में कोस्टा रिका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 94 रन बनाए। टीम के लिए सर्वाधिक 16 रन दीपक रावत ने बनाए। जवाब में फॉकलैंड आईलैंड्स की टीम बेहद खराब प्रदर्शन के कारण महज 28 रन पर ऑलआउट हो गई। उनके बल्लेबाज रन बनाने में नाकाम रहे और केवल फिलिप स्ट्राउड ही दोहरे अंक में पहुंच सके, जिन्होंने 13 रन बनाए।
कोस्टा रिका के गेंदबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। शाम मुरारी और दीपक रावत ने चार-चार विकेट चटकाए, जबकि सचिन रविकुमार ने भी एक विकेट लिया। इन गेंदबाजों ने फॉकलैंड आईलैंड्स की टीम को संभलने का मौका ही नहीं दिया और महज 28 रन पर समेट दिया। इस तरह कोस्टा रिका ने यह मुकाबला 66 रनों से अपने नाम कर लिया।

