भोपाल: छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म छावा को लेकर पूरे देश में उत्साह देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश में भी इस फिल्म को लेकर लोगों में खासा जुनून है। इसी कड़ी में आज प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री मोहन यादव और उनके मंत्रीमंडल के सदस्य इस फिल्म का विशेष शो देखेंगे।
आज शाम 7:30 बजे भोपाल स्थित लेक व्यू अशोका होटल के ओपन थिएटर में मुख्यमंत्री मोहन यादव, उनके मंत्री और विधायक छावा फिल्म का आनंद लेंगे। फिल्म के बाद सभी नेता एक साथ रात्रिभोज करेंगे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव पहले ही मध्य प्रदेश में इस फिल्म को टैक्स फ्री घोषित कर चुके हैं।
गोवा में भी टैक्स फ्री हुई ‘छावा’
गोवा सरकार ने भी फिल्म छावा को कर मुक्त कर दिया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने छत्रपति शिवाजी महाराज की 395वीं जयंती के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी घोषणा की थी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “मुझे यह बताते हुए गर्व महसूस हो रहा है कि छत्रपति संभाजी महाराज के अद्वितीय साहस और बलिदान पर आधारित फिल्म ‘छावा’ को गोवा में टैक्स फ्री किया गया है।” उन्होंने आगे कहा कि यह फिल्म वीर संभाजी महाराज के शौर्य और बलिदान को प्रदर्शित करती है, जिन्होंने ‘देव, देश और धर्म’ की रक्षा के लिए मुगलों और पुर्तगालियों से संघर्ष किया था।
इसके अलावा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी छावा को टैक्स फ्री किए जाने के सुझाव का स्वागत किया था। उन्होंने फिल्म की ऐतिहासिक प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि जनता से उन्हें इस फिल्म के बारे में बेहतरीन प्रतिक्रियाएं मिली हैं। फडणवीस ने कहा, “हालांकि मैंने यह फिल्म अभी तक नहीं देखी है, लेकिन जो प्रतिक्रियाएं मिली हैं, उनसे यह स्पष्ट होता है कि इसमें इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश नहीं किया गया है।”

