उत्तर प्रदेश के हाथरस स्थित पीसी बागला डिग्री कॉलेज में भूगोल विभाग के अध्यक्ष और चीफ प्रॉक्टर रजनीश पर गंभीर आरोप लगे हैं। उन पर कॉलेज की कई छात्राओं के साथ यौन शोषण करने और उन्हें ब्लैकमेल करने का आरोप है। छात्राओं ने इन आरोपों को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद हाथरस पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ बलात्कार, धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोपों में मामला दर्ज किया है।
जैसे ही मुकदमा दर्ज होने की खबर फैली, आरोपी रजनीश अपने घर और कॉलेज से फरार हो गया। जानकारी के मुताबिक, रजनीश लगभग 20 साल से इस तरह की गैरकानूनी हरकतों में लिप्त था। पहले भी कई छात्राओं ने उसके खिलाफ पुलिस और प्रशासन को लिखित शिकायतें दी थीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हाल ही में कुछ छात्राओं ने सीधे राष्ट्रीय महिला आयोग को शिकायत भेजी, जिसमें उन्होंने कुछ तस्वीरें भी संलग्न की थीं।
छात्राओं के अनुसार, रजनीश उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में पास कराने और सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनका शोषण करता था। इस दौरान वह उनकी वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल भी करता था। राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हाथरस पुलिस से रिपोर्ट मांगी। जांच में पता चला कि रजनीश लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों में शामिल था। जांच के दौरान तस्वीरों में दिख रही छात्राओं से संपर्क किया गया और उनके बयान लिए गए, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई।
हालांकि, जब डीएसपी ने मामले की जांच शुरू की, तो कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को कोई सहयोग नहीं दिया। इसके बाद हाथरस के एसपी ने मामले को अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह को सौंपा और उनकी रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश अभियान तेज कर दिया गया है।

