Posted By : Admin

एथेनॉल लूट मामले में लखनऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 शातिर बदमाश हत्थे चढ़े

    लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के उत्तरी जोन और बक्शी का तालाब थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एथेनॉल टैंकर लूट की घटना का सफल खुलासा कर दिया है। इस मामले में शामिल छह शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 2290 लीटर एथेनॉल, एक अवैध 12 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल किए गए दो वाहन बरामद किए हैं।

    घटना का विवरण

    यह वारदात 21-22 मार्च 2025 की रात की है, जब चार अज्ञात बदमाशों ने खुद को आबकारी विभाग का अधिकारी बताकर एसबी कोल्ड स्टोरेज के पास एक चलती हुई एथेनॉल टैंकर को रोका। आरोपियों ने टैंकर के ड्राइवर के साथ मारपीट की और उसे धमकाकर टैंकर लूट लिया। इसके बाद वे टैंकर में भरे एथेनॉल को लेकर फरार हो गए।

    इस घटना के बाद टैंकर के चालक आरिफ अली की शिकायत पर थाना बक्शी का तालाब में मु.अ.सं. 100/2025 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त उत्तरी के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम की मदद से जांच को आगे बढ़ाया गया, जिसके बाद छह अभियुक्तों को रैथा अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

    गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:

    1. रंजीत अवस्थी (42 वर्ष) – लखीमपुर
    2. रामजी अवस्थी (19 वर्ष) – लखीमपुर
    3. मोनू सिंह (30 वर्ष) – लखीमपुर
    4. मुकुट शुक्ला (35 वर्ष) – लखीमपुर
    5. अभय सिंह (30 वर्ष) – उन्नाव
    6. अजीत यादव (18 वर्ष) – उन्नाव

    बरामदगी:

    2290 लीटर एथेनॉल (9 ड्रम और 5 गैलन में)
    12 बोर का अवैध तमंचा और 2 जिंदा कारतूस
    घटना में प्रयुक्त दो वाहन:

    • अर्टिगा (UP31CJ9474)
    • मारुति 800 (UP32CR2750) दोनों वाहनों को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।

    पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई:

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुख्य आरोपी रंजीत अवस्थी और अभय सिंह पहले भी कई गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस अब अन्य जिलों से भी इनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।

    Share This