भुवनेश्वर: देश की प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर असामाजिक तत्वों के निशाने पर आ गई। ओडिशा के चक्रधरपुर रेल मंडल के कलुंगा रेलवे स्टेशन पर कुछ शरारती तत्वों ने पुरी-राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंककर हमला किया, जिससे ट्रेन की एक बोगी की खिड़की का शीशा टूट गया।
घटना रविवार दोपहर लगभग 12:45 बजे की है, जब ट्रेन कलुंगा रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी। अचानक कुछ अज्ञात लोगों ने पत्थर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे ट्रेन को नुकसान पहुंचा। सौभाग्य से, जिस बोगी की खिड़की टूटी, वहां कोई यात्री मौजूद नहीं था, अन्यथा कोई गंभीर हादसा हो सकता था।
जैसे ही ट्रेन राउरकेला रेलवे स्टेशन पहुंची, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम ने घटना की जानकारी ली और यात्रियों से पूछताछ की। इसके बाद रेलवे विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
इस घटना से यात्रियों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है। हालांकि, जांच के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस निर्धारित समय पर पुरी के लिए रवाना हो गई। रेलवे प्रशासन ने अभी तक इस मामले पर आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
गौरतलब है कि इस तरह की घटनाएं न केवल यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि रेलवे की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाती हैं। प्रशासन को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

