Posted By : Admin

प्रतापगढ़ में भयानक सड़क दुर्घटना, डंपर की टक्कर से पांच लोगों की मौत, दो घायल

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर मंगलवार देर रात एक अनियंत्रित डंपर की टक्कर से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना रानीगंज थाना क्षेत्र में हुई।

रानीगंज थाना प्रभारी निरीक्षक आदित्य सिंह ने बुधवार को जानकारी दी कि मुंगरा बादशाहपुर की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार डंपर रानीगंज कस्बे से गुजरते समय अनियंत्रित हो गया। पहले उसने एक कार को टक्कर मार दी और फिर भागने की कोशिश में पावर हाउस के पास राहगीरों और एक मोटरसाइकिल को कुचलते हुए पेड़ से जा टकराया।

स्थानीय लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डंपर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस दुर्घटना में फाइनेंसकर्मी सुंदरम पांडेय (26) और उनके साथी रामबाबू (30) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नीरज सरोज (23), विजय सरोज (25) और विशाल गौतम (25) ने प्रयागराज स्थित एसआरएन अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

इसके अलावा, कार सवार राधेश्याम यादव (50) और उनकी बेटी आरती यादव (25) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और दुर्घटना से संबंधित आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। डंपर चालक को हिरासत में ले लिया गया है।

Share This