Posted By : Admin

छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 16 नक्सली मारे गए, दो जवान घायल

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में 16 माओवादी मारे गए हैं, जबकि दो जवान घायल हुए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मुठभेड़ केरलापाल थाना क्षेत्र में हुई, जहां सुरक्षाबलों ने माओवादियों के खिलाफ अभियान चलाया था।

सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को सुकमा जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम को इलाके में माओवादियों की उपस्थिति की जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर उन्हें नक्सल विरोधी अभियान पर भेजा गया।

अभियान के दौरान शनिवार सुबह से रुक-रुक कर दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई। सुरक्षाबलों ने अब तक घटनास्थल से 16 माओवादियों के शव बरामद किए हैं। इस दौरान दो जवान घायल हुए हैं। फिलहाल, मुठभेड़ स्थल और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान जारी है।

गौरतलब है कि इससे पहले, मंगलवार को दंतेवाड़ा में भी सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें तीन माओवादी मारे गए थे। इनमें 25 लाख रुपये का इनामी माओवादी सुधीर उर्फ सुधाकर उर्फ मुरली भी शामिल था। मौके से इंसास राइफल, 303 राइफल और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया था।

Share This