आईपीएल 2025 का 52वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला जाएगा। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने जा रहा है। जहां एक ओर फैन्स की निगाहें महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली पर टिकी होंगी, वहीं दूसरी ओर चेन्नई के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भी इतिहास रचने के बेहद करीब हैं।
दरअसल, रवींद्र जडेजा चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बनने से अब सिर्फ एक विकेट दूर हैं। जैसे ही वह आज के मैच में एक विकेट हासिल करेंगे, वह ड्वेन ब्रावो को पीछे छोड़ देंगे, जिन्होंने सीएसके के लिए 140 विकेट लिए हैं। फिलहाल जडेजा और ब्रावो के नाम बराबर 140 विकेट दर्ज हैं। लेकिन एक विकेट के साथ ही जडेजा यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे और सीएसके के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज (IPL में):
- ड्वेन ब्रावो – 140 विकेट
- रवींद्र जडेजा – 140 विकेट
- आर अश्विन – 95 विकेट
- दीपक चाहर – 76 विकेट
- एल्बी मोर्कल – 76 विकेट
- शार्दुल ठाकुर – 60 विकेट
इतना ही नहीं, जडेजा जैसे ही एक विकेट और लेंगे, वह चेन्नई के लिए टी20 क्रिकेट में अपने 150 विकेट भी पूरे कर लेंगे। फिलहाल उनके नाम 149 विकेट दर्ज हैं। इस सूची में फिलहाल ड्वेन ब्रावो सबसे आगे हैं, जिन्होंने टी20 क्रिकेट में चेन्नई के लिए 154 विकेट झटके हैं।
टी20 क्रिकेट में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज:
- ड्वेन ब्रावो – 154 विकेट
- रवींद्र जडेजा – 149 विकेट
- आर अश्विन – 125 विकेट
- एल्बी मोर्कल – 91 विकेट
- दीपक चाहर – 76 विकेट
अगर जडेजा के आईपीएल करियर की बात करें, तो उन्होंने अब तक कुल 4 टीमों के लिए खेला है। शुरुआत राजस्थान रॉयल्स के साथ की, फिर कोच्चि टस्कर्स केरला के लिए खेले। 2011 से 2015 तक चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे, फिर 2016 और 2017 में गुजरात लॉयंस के लिए खेले। 2019 में उन्होंने एक बार फिर सीएसके में वापसी की और तब से टीम का अहम हिस्सा बने हुए हैं। अब तक जडेजा ने आईपीएल में कुल 250 मैचों में 167 विकेट अपने नाम किए हैं।

