उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि अगर सरकार अनुमति दे, तो राजभर समाज के लोग कश्मीर जाकर आतंकवादियों को खदेड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उनका कहना है कि उनके समाज के लोग बंदूक उठाने से नहीं डरते, बस सरकार की मंजूरी का इंतजार है।
इंडिया टीवी से बातचीत में ओपी राजभर ने कहा, “अगर मौका मिला तो हम राजभर समाज के लोग भी हथियार उठा लेंगे और कश्मीर में जाकर आतंकियों का सफाया कर देंगे। इतिहास गवाह है, हमने मुगलों और अंग्रेजों से भी लोहा लिया है। हमने केवल हथियारों की मांग की है। जब ये बात हमने गृहमंत्री अमित शाह से कही तो उन्होंने आश्वासन दिया कि इस पर सख्त कार्रवाई होगी।”
यूपी में मदरसों पर हो रही कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ मदरसों में देशविरोधी गतिविधियों की खबरें आई हैं। प्रयागराज और कुशीनगर जैसे स्थानों पर नोट छापने की घटनाएं सामने आई हैं। ओपी राजभर ने साफ किया कि जहां भी आतंकी फंडिंग या राष्ट्रविरोधी गतिविधियां होंगी, सरकार वहां निश्चित रूप से कार्रवाई करेगी। ये अभियान पहले से जारी है और भविष्य में भी चलता रहेगा।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए ओपी राजभर ने कहा, “अखिलेश जी को सिर्फ मलाई खाने की चिंता रहती है। जब वो मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने राजभर समाज के लिए कुछ नहीं किया, न कोई विकास कार्य किया, न कोई स्मारक बनवाया। अब वे बेवजह बयानबाज़ी कर रहे हैं।”
जातीय जनगणना के मुद्दे पर उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जब ये लोग सत्ता में थे तब जाति जनगणना की बात नहीं की, अब दिखावे के लिए राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया, “अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री रहते हुए क्या कभी इस विषय पर प्रधानमंत्री को पत्र लिखा? क्या कभी उनसे मुलाकात की?” उन्होंने कहा, “जो अपने पिता और चाचा का नहीं हुआ, वो भला पिछड़ी जातियों का क्या साथ देगा?”

