लखनऊ के माल थाना क्षेत्र स्थित आउटर रिंग रोड पर ग्राम रैथा के पास आज एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटी। तेज रफ्तार से आ रही एक डीसीएम अचानक एक डम्पर से टकरा गई, जिससे डीसीएम में सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा इतना भीषण था कि डीसीएम का केबिन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवक उसमें गंभीर रूप से फंस गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत स्थानीय पुलिस और डायल 112 को सूचित किया।
पुलिस और दमकल विभाग के कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे, साथ ही जेसीबी और हाइड्रा की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी संघर्ष के बाद, दोनों युवकों को केबिन से बाहर निकाला गया और खून से सने गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए बीकेटी के सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, इस हादसे के कारण सड़क पर काफी देर तक यातायात ठप रहा। बाद में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर और स्थानीय लोगों की मदद से मार्ग को फिर से खोला गया।
मृतकों की पहचान गौतमबुद्ध नगर के जारचा करौदा के रहने वाले नाजिम (32 वर्ष) और वसीम (34 वर्ष) के रूप में हुई है। माल थाना इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतकों के परिजनों को इस हादसे की सूचना दे दी गई है, और पुलिस इस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

