Posted By : Admin

जेमिमा रोड्रिग्ज का शतक, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रचा नया क्रिकेट इतिहास

भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस समय श्रीलंका दौरे पर है, जहां वह श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे त्रिकोणीय सीरीज (ट्राई सीरीज) खेल रही है। इस सीरीज के तहत 7 मई को भारत का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से हुआ। इस मैच में भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए एक शानदार शतक जड़ा। उन्होंने मात्र 89 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो भारतीय महिला क्रिकेट इतिहास में वनडे प्रारूप में तीसरा सबसे तेज शतक है।

जेमिमा ने 101 गेंदों पर 123 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 15 चौके और 1 छक्का शामिल था। उनकी इस बेहतरीन पारी के दम पर भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 337 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

अगर बात करें भारत की ओर से महिला वनडे में सबसे तेज शतकों की, तो यह रिकॉर्ड स्मृति मंधाना के नाम है, जिन्होंने 2025 में आयरलैंड के खिलाफ सिर्फ 70 गेंदों में शतक लगाया था। वहीं, हरमनप्रीत कौर ने 2024 में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध 87 गेंदों में शतक जड़ा था, जो दूसरा सबसे तेज शतक रहा। अब जेमिमा रोड्रिग्स ने 89 गेंदों में शतक बनाकर तीसरा स्थान हासिल कर लिया है।

भारत की ओर से महिला वनडे क्रिकेट में सबसे तेज शतक:

  • 70 गेंद – स्मृति मंधाना बनाम आयरलैंड (2025)
  • 87 गेंद – हरमनप्रीत कौर बनाम दक्षिण अफ्रीका (2024)
  • 89 गेंद – जेमिमा रोड्रिग्स बनाम दक्षिण अफ्रीका (2025)
  • 90 गेंद – हरमनप्रीत कौर बनाम ऑस्ट्रेलिया (2017)
  • 90 गेंद – जेमिमा रोड्रिग्स बनाम आयरलैंड (2025)

इसके साथ ही जेमिमा रोड्रिग्स दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की ओर से वनडे में दूसरी सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। इस सूची में पहले नंबर पर स्मृति मंधाना हैं, जिन्होंने 2018 में किंबरली में 136 रन की पारी खेली थी।

इस मैच में दीप्ति शर्मा और स्मृति मंधाना ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की। दीप्ति ने 84 गेंदों पर 93 रन की शानदार पारी खेली, जबकि मंधाना ने 51 रन बनाए। मंधाना और जेमिमा के बीच पहले विकेट के लिए 88 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई, जिसने भारत को मजबूत शुरुआत दी।

Share This