Posted By : Admin

यूपी में मौसम का मिज़ाज बिगड़ा, 20 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज इन दिनों तेजी से बदल रहा है। राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह हुई हल्की बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया, जिससे लोगों को तेज गर्मी से कुछ राहत मिली। लखनऊ के अलावा अवध क्षेत्र के कई जिलों में भी बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आई है।

हालांकि, मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में प्रदेश में फिर से गर्मी अपना असर दिखाएगी। बीते कुछ दिनों में चली तेज हवाओं और रुक-रुक कर हुई बारिश के बाद अब धूप और लू जैसी गर्म हवाओं का प्रभाव बढ़ने लगा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर अब समाप्त हो रहा है, जिसके चलते उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। मई माह की प्रचंड गर्मी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग का अलर्ट
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने जानकारी दी कि अब प्रदेश से पश्चिमी विक्षोभ और अन्य वेदर सिस्टम की गतिविधियाँ कमजोर पड़ चुकी हैं। केवल कुछ तराई और पश्चिमी जिलों में ही थोड़ी बहुत बारिश की संभावना बनी हुई है। बाकी क्षेत्रों में मौसम सूखा और गर्म रहेगा। अगले 4 से 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी संभव है।

आज गुरुवार को मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के लगभग 20 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा की संभावना जताई है। इनमें सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, प्रयागराज, वाराणसी, भदोही, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, बिजनौर, अमरोहा और मुरादाबाद जैसे जिले शामिल हैं। वहीं राजधानी लखनऊ में बुधवार को उमस और चुभन भरी धूप देखने को मिली, साथ ही पूर्वा हवाओं की रफ्तार घटकर 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रह गई।

Share This